पंजाब यूनिवर्सिटी में मासूम शर्मा के शो के दौरान हिंसक झड़प, एक छात्र की मौत

by Manu
पंजाब यूनिवर्सिटी में मासूम शर्मा के शो

चंडीगढ़, 29 मार्च 2025: पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) के कैंपस में शुक्रवार रात हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के शो के दौरान छात्रों के दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में चार छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक छात्र, आदित्य ठाकुर, ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक हिमाचल प्रदेश का रहने वाला था और पंजाब यूनिवर्सिटी में टीचर्स ट्रेनिंग कोर्स के सेकेंड ईयर का छात्र था।

क्या हुआ घटना के दौरान?

यह घटना उस वक्त हुई, जब यूनिवर्सिटी में एक स्टार नाइट कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें मासूम शर्मा परफॉर्म करने आए थे। शो के दौरान छात्रों के दो गुटों में किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। हमलावरों ने चाकू से हमला किया, जिसमें चार छात्रों को गंभीर चोटें आईं। घायलों को तुरंत पीजीआई (PGI) चंडीगढ़ ले जाया गया, लेकिन आदित्य ठाकुर की हालत नाजुक होने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें एक घायल छात्र को देखा जा सकता है। वीडियो में उसके पैर और जांघ पर चाकू के कई गहरे घाव साफ दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर 11 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और झड़प के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस गहराई से छानबीन कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह झड़प स्टेज के पीछे शुरू हुई थी, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है। सेक्टर 11 थाने में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।

ये भी देखे: फाजिल्का में 1.5 किलो हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, पाकिस्तान से जुड़े तार

You may also like