विजिलेंस ब्यूरो ने वसीका नवीस को किया गिरफ्तार, 5.50 लाख की रिश्वत मांगने का मामला

by Manu
विजिलेंस ब्यूरो ने वसीका नवीस को किया गिरफ्तार

 फतेहगढ़ साहिब, 20 मार्च: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फतेहगढ़ साहिब के वसीका नवीस अनुपम शर्मा को रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है। उन पर सब-रजिस्ट्रार, बस्सी पठाना की ओर से 5,50,000 रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।

मुख्यमंत्री की भ्रष्टाचार विरोधी हेल्पलाइन पर हुई शिकायत

विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता के अनुसार, यह गिरफ्तारी फतेहगढ़ साहिब जिले के बस्सी पठाना निवासी की ऑनलाइन शिकायत के आधार पर की गई है। शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री की भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन पर मामला दर्ज करवाया था।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जायदाद की रजिस्ट्री करवाने के बदले आरोपी ने तहसील बस्सी पठाना के सब-रजिस्ट्रार की ओर से रिश्वत मांगी थी। इस दौरान शिकायतकर्ता ने वसीका नवीस और सब-रजिस्ट्रार के साथ हुई बातचीत को रिकॉर्ड कर लिया था, जिसे बाद में जांच एजेंसी को सौंप दिया गया।

जांच के दौरान विजिलेंस ब्यूरो ने शिकायत को सही पाया, जिसके आधार पर वसीका नवीस अनुपम शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में विजिलेंस ब्यूरो के थाना पटियाला रेंज में भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत केस दर्ज किया गया है।

आरोपी को कल अदालत में पेश किया जाएगा। प्रवक्ता ने आगे बताया कि जांच के दौरान संबंधित राजस्व अधिकारी, यानी सब-रजिस्ट्रार की भूमिका की भी गहनता से जांच की जाएगी।

ये भी देखे: किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल को PIMS अस्पताल मे भर्ती कराया गया

You may also like