लुधियाना में युवती की खतरनाक स्टंटबाजी का वीडियो हुआ वायरल, ट्रैफिक पुलिस ने की कारवाई

by Manu
लुधियाना स्टंटबाजी वीडियो

लुधियाना, 08 जनवरी 2026: लुधियाना की सड़कों पर दो पहिया वाहन से स्टंटबाजी करने में अब युवतियां भी पीछे नहीं रह गई हैं। ऐसी ही एक युवती का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे खतरनाक ड्राइविंग और बिना हेलमेट के जुर्म में चालान कर दिया है।

वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवती बाइक पर सवार होकर एक हाथ छोड़कर बाइक चला रही है। वह आगे चल रहे लोगों के बीच से निकलते हुए चश्मा भी पहनती नजर आ रही है। वीडियो में कुछ लोग उसके आगे चलकर यह स्टंट रिकॉर्ड करते दिखे।

ट्रैफिक पुलिस के जोन इंचार्ज सब इंस्पेक्टर धर्मपाल ने वीडियो के आधार पर युवती को ट्रेस किया। युवती दुगरी क्षेत्र की रहने वाली है और एक प्राइवेट बैंक में काम करती है। बाइक उसके एक साथी कर्मी की है।

धर्मपाल ने कहा, “लोग सड़कों पर स्टंटबाजी करने से परहेज करें। ऐसी हरकतें जानलेवा साबित हो सकती हैं। वीडियो वायरल होने के बाद हमने तुरंत कार्रवाई की और युवती को खतरनाक ड्राइविंग, बिना हेलमेट और अन्य ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन में चालान किया है।”

ये भी देखे: Himachal: ड्राइविंग सीट से बाहर लटककर चलाई गाड़ी, वीडियो वायरल होने पर 2500 का चालान

You may also like