SEHORE NEWS: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के काफिले में शामिल जिला पुलिस का एक वाहन शनिवार को पलट गया। यह हादसा आष्टा थाना क्षेत्र के बेदाखेड़ी हाईवे पर हुआ, जब वह भोपाल से देवास जिले के खातेगांव संदलपुर जा रहे थे। इस दुर्घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सीहोर रेफर किया गया है। घायलों में एएसआई एसपी सिमोलिया को सीने में चोट लगी, जबकि नीरज शुक्ला और आकाश अटल को हल्की चोटें आईं है।
खातेगांव पहुंचकर शिवराज सिंह चौहान ने बीजेपी के दिवंगत नेता शंभुकुमार बाकलीवाल के परिवार से मुलाकात की और उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके अलावा, वह गुजरात के बनासकांठा में पटाखा फैक्ट्री विस्फोट में मारे गए लोगों के परिजनों से भी मिले। इस हादसे में जान गंवाने वाले पंकज सांकलिया के माता-पिता से मिलने के बाद वह दो अन्य प्रभावित परिवारों से भी मिले। बनासकांठा में हुए इस विस्फोट में 21 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें ज्यादातर मध्य प्रदेश के रहने वाले थे।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने इस हादसे के पीड़ितों के लिए मुआवजे का ऐलान किया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। इस विस्फोट में मारे गए 18 लोगों का अंतिम संस्कार 3 अप्रैल 2025 को देवास के नेमावर घाट पर हुआ। ब्लास्ट इतना भयानक था कि कई शव टुकड़ों में बंट गए, जिससे उनकी पहचान में काफी वक्त लगा।
ये भी देखे: BookMyShow ने आर्टिस्ट लिस्ट से कुणाल कामरा का नाम हटाया