लुधियाना, 02 फ़रवरी 2026: सनातन सेवा समिति पंजाब और वेद प्रचार मंडल पंजाब ने संयुक्त रूप से बीसीएम स्कूल, लुधियाना में एक पुरस्कार समारोह का आयोजन किया। इस समारोह में पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस और दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समारोह को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री पंजाब हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि शिक्षा मंत्री होने के नाते उनके कंधों पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। जब हम समाज में कोई भी परिवर्तन करना चाहते हैं तो उसका एकमात्र हल यही है कि जैसा सूबा या देश हम बनाना चाहते हैं वैसे सिद्धांत हम अपने बच्चों को शिक्षा के जरिए दे सकते हैं।
उन्होंने कहा कि भले ही आज दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार नहीं है लेकिन दिल्ली के सरकारी स्कूलों में मनीष सिसोदिया द्वारा जो रोल मॉडल दिया गया है वह विलक्षण है। उन्होंने कहा कि जब पौधा छोटा होता है तब उस पर मेहनत करके जो मर्जी शेप दी जा सकती है। इसी तरह जब हमारे बच्चे छोटे हैं तो उन्हें बेहतर शिक्षा प्रणाली के जरिए तराश सकते हैं।
मनीष सिसोदिया ने कहा कि हम सब मिलकर एक अलग किस्म का कार्यक्रम तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे 10 सालों से शिक्षा प्रणाली और राजनीति से जुड़े हुए हैं और असल में ऐसे कार्यक्रम बहुत कम देखने को मिलते हैं। इसका श्रेय सनातन सेवा समिति पंजाब, वेद प्रचार मंडल पंजाब, बीसीएम स्कूल के प्रिंसिपल और विद्यार्थियों को जाता है।
उन्होंने कहा कि रोशन लाल, विजय शर्मा और सभी स्कूलों के प्रिंसिपलों ने मिलकर एक बड़ी सोच रखी है कि वेद, उपनिषद, रामायण और गीता का ज्ञान विद्यार्थियों को दिया जाए। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि इस धार्मिक ज्ञान को पढ़कर और समझकर अपनी जिंदगी में लागू करें। उन्होंने कहा कि यह धार्मिक ज्ञान बीसीएम स्कूल से आगे बढ़कर पूरे पंजाब के स्कूलों में पढ़ाया जाना चाहिए।
सिसोदिया ने कहा कि आज भले ही सारी दुनिया वैज्ञानिक प्रयोगशालाओं में बैठकर यूनिवर्स की थाह पाने के लिए काम कर रही है, चाहे वे इलेक्ट्रॉन, न्यूट्रॉन और प्रोटॉन के बारे में जानना चाहते हों या फिर यह देखना चाहते हों कि यूनिवर्स में कुछ ठोस है या फिर सब तरंगें ही तरंगें हैं। उन्होंने कहा कि आज जिस चीज को दुनिया समझने की कोशिश कर रही है वह हमारे ऋषियों और गुरुओं ने अपने अंदर जाकर समझ लिया और लिख दिया। हमारे ऋषियों ने हजारों साल पहले यह बता दिया कि कुछ भी ठोस नहीं, सब कुछ कंपन में है।
उन्होंने कहा कि हमारे बच्चे वेद, उपनिषद, रामायण और गीता तथा अन्य गुरु साहित्य से गुजरकर वैज्ञानिक खोजें करने जाएंगे तो महान वैज्ञानिक बनेंगे। जब हमारे बच्चे अपने अंदर देखेंगे तो कण-कण समझ आएगा।
बाद में हरजोत सिंह बैंस ने मनीष सिसोदिया के साथ पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि केंद्र सरकार का बजट आ रहा है। पंजाब के मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान ने बहुत ही बुलंद आवाज में पंजाब की मांगें देश के गृह मंत्री अमित शाह से मिलकर रखी हैं। उन्होंने कहा कि पिछले साल ऑपरेशन संदूर और बाढ़ के कारण पंजाब का बहुत नुकसान हुआ था।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को पंजाब को स्पेशल राहत पैकेज और पंजाब के कानूनी हकों के तहत चाहे वह आरडीएफ का पैसा हो या अन्य योजनाओं का पैसा, वह देना चाहिए। उन्होंने इसके साथ ही शिक्षा के लिए भी अतिरिक्त बजट देने की मांग की।
ये भी देखे: शिक्षा एवं रोकथाम युद्ध नशों विरुद्ध मुहिम में सबसे शक्तिशाली हथियार – हरजोत सिंह बैंस