लखनऊ, 11 फ़रवरी 2026: उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 9,12,696.35 करोड़ रुपये का बजट विधानसभा में पेश किया है। यह प्रदेश का अब तक का सबसे बड़ा बजट है। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बुधवार सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होते ही बजट प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि यह बजट पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले करीब 12.2 प्रतिशत अधिक है।
बजट पेश करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे ‘विकसित भारत-2047’ और ‘नए उत्तर प्रदेश’ के निर्माण का मजबूत आधार बताया है। उन्होंने तड़के अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश सुशासन समावेशी विकास और जनकल्याण की नीति के साथ आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
सीएम योगी ने लिखा- “आज प्रस्तुत बजट ‘आत्मनिर्भर-विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को नई दिशा नई ऊर्जा स्पष्ट नीति-दृष्टि और ठोस कार्य योजना प्रदान करेगा। साथ ही एक हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करेगा। गरीब के सम्मान युवा के स्वाभिमान मातृ शक्ति और किसान की समृद्धि को केंद्र में रखकर यह बजट विकसित भारत-2047 और नए उत्तर प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य का मजबूत आधार बनेगा।”
ये भी देखे: उत्तर प्रदेश बजट सत्र शुरू, सीएम योगी ने कहा- संवाद से समाधान, हंगामा नहीं