अमेरिका, 9 अप्रैल : अमेरिका और चीन के बीच चल रहे व्यापारिक तनावों के बीच, व्हाइट हाउस ने मंगलवार (स्थानीय समयानुसार) घोषणा की कि बुधवार से चीन से आने वाले उत्पादों पर 104 प्रतिशत आयात शुल्क (टैरिफ) लगाया जाएगा। यह कदम बाजारों को हिला देने वाले टैरिफ युद्ध में एक बड़ा मोड़ माना जा रहा है। बता दें कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन की नई शुल्क दरें बुधवार मध्यरात्रि के बाद पूरी तरह लागू हो गई। ट्रंप ने दो अप्रैल को शुल्क के नवीनतम दौर की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि अमेरिका अब अपने करीब सभी व्यापारिक साझेदारों पर न्यूनतम 10 प्रतिशत शुल्क लगाएगा। साथ ही उन देशों पर अधिक कठोर दरें लागू होंगी जिनके बारे में उनका कहना है कि वे अमेरिका के साथ व्यापार अधिशेष रखते हैं। वहीं व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी करोलिन लिविट ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, यह चीन की गलती थी कि उसने अमेरिका के खिलाफ प्रतिक्रिया दी. जब अमेरिका पर प्रहार होता है, तो वह और ज़ोर से जवाब देता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर चीन समझौते के लिए आगे आता है, तो राष्ट्रपति ट्रंप उदारता दिखा सकते हैं, लेकिन अमेरिका अब पीछे हटने वाला नहीं है।