नई दिल्ली, 02 फ़रवरी 2026: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भारतीय सेना के पूर्व प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की एक अप्रकाशित मैगजीन या संस्मरण का हवाला देते हुए दावा किया कि चीनी सेना भारतीय सीमा में घुस रही है। राहुल गांधी ने कहा कि पूर्व सेना प्रमुख के अनुसार चीनी टैंक कैलाश रिज पर चढ़ रहे थे और चार चीनी टैंक भारतीय क्षेत्र में घुस आए थे।
राहुल गांधी ने सदन में कहा कि उनका स्रोत पूरी तरह प्रामाणिक है और इसमें पूर्व सेना प्रमुख एमएम नरवणे के अप्रकाशित संस्मरणों के उद्धरण शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चीन की सेना भारतीय सीमा में घुस रही है और सरकार इस पर चुप्पी साधे हुए है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लोकसभा में राहुल गांधी के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राहुल गांधी सदन को गुमराह न करें। राजनाथ सिंह ने कहा “मैं चाहता हूं कि लोकसभा में विपक्ष के नेता सदन के समक्ष वह पुस्तक प्रस्तुत करें जिसका वे हवाला दे रहे हैं क्योंकि जिस पुस्तक का वे उल्लेख कर रहे हैं वह प्रकाशित नहीं हुई है।”
रक्षा मंत्री ने लोकसभा अध्यक्ष से अनुरोध किया कि राहुल गांधी को बिना तथ्य के ऐसे गंभीर आरोप लगाने की इजाजत न दी जाए। उन्होंने कहा कि सदन के नियमों के अनुसार अप्रकाशित दस्तावेज या किताब का हवाला देकर बयान देना उचित नहीं है। गृह मंत्री अमित शाह ने भी राहुल गांधी के बयान को गैर-जिम्मेदाराना बताया और कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति नहीं की जानी चाहिए।
ये भी देखे: संसद में बजट 2026-27 पर आज शुरू होगी आम चर्चा, राहुल गांधी भी देंगे भाषण