नई दिल्ली, 13 फ़रवरी 2026: संसद के बजट सत्र के 13वें दिन भी हंगामा जारी है। लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों की कार्यवाही पूरे दिन नहीं चल पाई। लोकसभा महज 10 मिनट चली जबकि राज्यसभा में दो घंटे तक ही काम हो सका। दोनों सदनों की कार्यवाही अब 9 मार्च तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
शुक्रवार सुबह 11 बजे लोकसभा शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के इस्तीफे की मांग करते हुए ‘हरदीप पुरी इस्तीफा दो’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। महज 5 मिनट में सदन स्थगित कर दिया गया।
दोपहर 12 बजे कार्यवाही दोबारा शुरू हुई। हंगामे के बीच एजुकेशन और कानून मंत्रालय से जुड़े कुछ बिल पेश किए गए। इसके बाद डिप्टी स्पीकर संध्या राय ने सदन को 9 मार्च तक के लिए स्थगित घोषित कर दिया।
राज्यसभा में भी स्थिति ज्यादा अलग नहीं थी। सदन दो घंटे चला लेकिन हंगामे के कारण महत्वपूर्ण कामकाज प्रभावित रहा।
बजट सत्र दो चरणों में चल रहा है। पहला चरण 28 जनवरी से 13 फरवरी तक था। अब 23 दिन के ब्रेक के बाद दूसरा चरण 9 मार्च से शुरू होगा जो 2 अप्रैल तक चलेगा।
ये भी देखे: लोकसभा में राहुल गांधी ने उठाया एपस्टीन फाइल्स का मुद्दा, हरदीप सिंह पुरी ने दिया जवाब