लखनऊ, 19 फरवरी 2026: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बृहस्पतिवार को अपने आवास पर 100 बटुकों का विशेष सम्मान किया। उन्होंने बटुकों पर पुष्पवर्षा की और तिलक लगाकर उन्हें सम्मानित किया। इस मौके पर ब्रजेश पाठक ने कहा कि “चोटी खींचने वालों को पाप लगेगा”। यह बयान प्रयागराज के माघ मेले से शुरू हुए शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद विवाद के बीच आया है जिसे राजनीतिक विश्लेषक डैमेज कंट्रोल के प्रयास से जोड़कर देख रहे हैं।
बताते चलें कि माघ मेले के दौरान शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का विवाद काफी गरमा चुका है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई बार बिना नाम लिए संकेत दिए हैं। बजट सत्र के दौरान उन्होंने कहा था कि “कोई भी खुद को शंकराचार्य नहीं लिख सकता”। इस बयान से विपक्ष खासकर सपा ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया। अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि “दूसरों से सर्टिफिकेट मांगने वालों से यदि सर्टिफिकेट मांग लिया जाए तो वह कौन सा सर्टिफिकेट देंगे?”
प्रदेश की राजनीति में शंकराचार्य विवाद को लेकर गहमागहमी जारी है। इसी बीच डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का बटुकों को सम्मानित करना धार्मिक और सांस्कृतिक संदेश देने के साथ-साथ विवाद को शांत करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
ये भी देखे: SIR पर ब्रजेश पाठक का दावा- किसी का नाम नहीं कटा, विपक्ष बिहार हारने का दर्द झेल रहा