बदायूं,15 जून 2025: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। बतादें की भीषण गर्मी और बंदरों के आतंक ने एक परिवार में कोहराम मचा दिया। उघैती थाना क्षेत्र के गाँव धरौहरा में शुक्रवार रात एक युवक की छत से नीचे गिरने के कारण मौत हो गई।
बंदरों के डर में छत से नीचे गिरा युवक
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार,युवक की पहचान छोटेलाल (28 वर्ष) पुत्र विजय सिंह के रूप में हुई है। वह शुक्रवार की रात उमस भरी गर्मी के कारण घर की छत पर सोने गया था। इसी बीच रात में बंदरों का एक झुंड छत पर आ पहुँचा। उसी दौरान एक बंदर छोटेलाल के हाथ से मोबाइल फोन छीनकर भाग गया। उसने जब मोबाइल छुड़ाने के लिए बंदर का पीछा किया, तो बंदरों के झुंड ने उसे चारों तरफ से घेर लिया और डराने लगे। बंदरों से डरकर छोटेलाल छत से नीचे गिर गया। परिजन उसे गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कर शनिवार शाम को परिजनों को सौंप दिया गया है।
परिजनों में मचा कोहराम
मिली जानकारी के अनुसार शव जैसे ही घर पहुँचा,परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों की आँखे भी नम हो गईं। लोगों ने जानकारी देते हुए बताया कि छोटेलाल बेहद मेहनती इंसान था और अपने 5 बच्चों (2 बेटे और 3 बेटियां) की परवरिश के लिए दिन-रात मेहनत करता था। गाँव वालों की जुबान पर सिर्फ एक ही सवाल था — “अब इन बच्चों को कौन संभालेगा?” गाँव में इस हादसे के बाद गहरा शोक और डर का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से बंदरों पर नियंत्रण लगाने की माँग की है ताकि ऐसा हादसा दोबारा न हों।
यह भी पढ़े: ‘बचाओ-बचाओ’ की चीखों से कांपे लोग, नजरों के सामने महिला को पानी में खींच ले गया मगरमच्छ