UP News: कौन है दस साल का नन्हा बालक? जिसकी कावड़ यात्रा बनी लोगों के चर्चा का विषय

by Nishi_kashyap
कावड़ यात्रा

मुजफ्फरनगर,17 जुलाई, 2025: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से हैरान कर देने वाली बड़ी खबर सामने आई है। बतादें की जिले में 10 वर्षीय कृष्णा की दंडवत कांवड़ यात्रा चर्चा का विषय बनी हुई है। अपने भाई के कैंसर से ठीक होने पर भगवान शिव से किए वादे को निभाने के लिए, कृष्णा हरिद्वार से गंगाजल लेकर दंडवत करते हुए यात्रा कर रहा है।

पवित्र सावन माह में चल रही कांवड़ यात्रा में भक्ति और श्रद्धा का सैलाब उमड़ रहा है। लेकिन इस भीड़ में एक 10 साल का बालक भी सभी की जुबान पर चर्चा का विषय बना हुआ है। उत्तर प्रदेश के शामली जिले के मुंडेट गाँव का मासूम कृष्णा अपनी छोटी सी उम्र में बड़ी आस्था और संकल्प के साथ दंडवत कांवड़ यात्रा पर निकला है। आस्था से भरी उसकी यह यात्रा भगवान शिव के प्रति कृतज्ञता की अनूठी मिसाल है।

दो साल पहले का संकल्प

दो साल पहले कृष्णा के बड़े भाई शिवम कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से ग्रस्त थे। उस समय मासूम कृष्णा ने भगवान शिव से मन्नत मांगी थी कि अगर उसका भाई ठीक हो जाए, तो वह दंडवत कांवड़ यात्रा करेगा। भोलेनाथ की कृपा से शिवम अब पूरी तरह स्वस्थ है। अपने वादे को पूरा करने के लिए कृष्णा ने इस सावन अपनी कावड़ यात्रा शुरू की। वह अपने पिता और भाई शिवम के साथ हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर निकला है।

बालक ने बढ़ाया सबका हौसला

बुधवार को जब कृष्णा मुजफ्फरनगर पहुँचा, तो उसकी आस्था ने सभी लोगों का दिल जीत लिया। इतनी कम उम्र में कठिन दंडवत यात्रा करते हुए वह भगवान शिव के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त कर रहा है। श्रद्धालुओं ने बालक की आस्था को देखकर न केवल उसका हौसला बढ़ाया, बल्कि उसे प्रेरणा का प्रतीक बताया। कृष्णा ने कहा, मेरे भाई के ठीक होने के बाद मैंने भगवान शिव से जो वादा किया था, उसे निभा रहा हूं। यह मेरा धन्यवाद है भगवान के लिए।

यह भी पढ़े: UP News: गंगा नदी में लगातार बढ़ता जा रहा जलस्तर, जलभराव के कारण सभी घाट लबालब

You may also like