यूपी, 04 जुलाई, 2025: यूपी कैबिनेट में प्रस्ताव पास किया गया है, अब इस प्रस्ताव को विधानमंडल में पेश किया जाएगा। इस नियम से बार-बार वाहन टैक्स जमा करने और जाँच की परेशानी से राहत मिलेगी।
उत्तर प्रदेश में सभी व्यावसायिक वाहनों पर एकमुश्त टैक्स जमा करने की व्यवस्था लागू करने की तैयारी की गई है। जिससे वाहन चालकों को बार-बार टैक्स जमा नहीं करना पड़ेगा। इसके अलावा परिवहन विभाग को भी टैक्स जमा करने के लिए वाहनों की जाँच करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इस प्रस्ताव को कैबिनेट की बैठक में पारित कर दिया गया है। अब यह प्रस्ताव विधानमंडल में पेश किया जायेगा। वहाँ पास होने के बाद इस प्रस्ताव को लागू कर दिया जाएगा। उत्तर प्रदेश मोटरयान कराधान अधिनियम, 1997 के धारा चार में गैर-परिवहन एवं परिवहन दोनों प्रकार के वाहनों पर टैक्स वसूली की जाती है। इसमें एकमुश्त के साथ ही मासिक, त्रैमासिक और वार्षिक टैक्स लगाने की व्यवस्था है।
विभागीय समीक्षा में पाया गया कि करीब 60 फीसदी वाहन चालक एक बार ही टैक्स जमा कर देते हैं, जबकि 40 फीसदी वाहन चालक अलग-अलग समय पर टैक्स जमा करते हैं। ऐसे में टैक्स जमा कराने के लिए परिवहन विभाग को वाहनों की जाँच करनी पड़ती है।
अब दो पहिया, तीन पहिया, मोटर कैब, चार पहिया, मैक्सी कैब एवं 7500 किलोभार वाले माल वाहनों एवं जेसीबी सहित अन्य वाहनों पर एकमुश्त टैक्स लिए जाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इससे परिवहन विभाग को एक साथ ही राजस्व मिलेगा और उसे बार-बार टैक्स जमा कराने के लिए वाहनों की जाँच नहीं करनी पड़ेगी।
यह भी पढ़े: UP News: योगी सरकार का बड़ा क़दम, प्रतियोगी छात्रों को जल्द मिलेंगी ये सुविधाएँ