UP NEWS: आगरा में बकरीद पर महज चार दिनों में बिके 7 करोड़ के बकरे

by Manu
बकरीद बकरे

आगरा, 5 जून 2025: बकरीद के मौके पर मंटोला में लगे बकरी बाजार में चार दिनों में सात करोड़ रुपये से ज्यादा की बकरियों की बिक्री हो चुकी है। बाजार में सबसे ज्यादा डिमांड 15 से 25 हजार रुपये की कीमत वाले बकरों की है, और अब तक 5,000 से ज्यादा बकरे बिक चुके हैं।

बकरीद के मौके पर मीरा हुसैनी से सदर भट्टी चौराहे तक हर रात 8 बजे के बाद पशु व्यापारी मेटाडोर में बकरे लेकर पहुंच रहे हैं। रात 2 बजे तक बाजार में खरीदारों और व्यापारियों की भीड़ लगी रहती है।

कागारौल के चांद कुरैशी, एत्मादपुर के बबलू और शमसाबाद के अंसार जैसे व्यापारियों ने बताया कि बाजार में 12 हजार से लेकर 1 लाख रुपये तक के बकरे बिक रहे हैं। हालांकि, 15 से 25 हजार रुपये की रेंज वाले बकरे सबसे ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं, जबकि 30 से 40 हजार रुपये की कीमत वाले बकरों के लिए खरीदार कम हैं। अछनेरा, किरावली, कागारौल और खेरागढ़ जैसे इलाकों से पशु व्यापारी यहां बकरे बेचने आ रहे हैं।

बकरीद पर बाजार में अब तक का सबसे महंगा बकरा 1.25 लाख रुपये में बिका, जिसे मंटोला के सोल कारोबारी हाजी अंसार ने दो दिन पहले खरीदा। कुछ व्यापारी बकरों का वजन बढ़ाने के लिए उन्हें बेसन का घोल पिलाते हैं, जिससे उनका पेट फूल जाता है और वे तंदुरुस्त दिखते हैं। इससे बकरों की कीमत तो बढ़ जाती है, लेकिन ज्यादा बेसन का घोल पिलाने से उनकी सेहत खराब हो सकती है।

ये भी देखे: बकरीद पर 6 या 7 जून किस दिन रहेगा बैंक बंद? जाने बकरीद पर कब होगी छुट्टी

You may also like