रामपुर,12 जून 2025: उत्तरप्रदेश के रामपुर जिले के कोतवाली सदर क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत अहमदनगर इलाके से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत अहमदनगर में एक घर के अंदर एक साथ चार जहरीले सांपो को देखा गया। बताया जा रहा है कि ये साँप घर के एक कमरे में दीवारों और सामान के पीछे छिपे हुए थे। घर के लोगों ने जब अचानक सांपों को देखा तो वो घबरा गए।
कमरे से आ रही थी फुफकारने की आवाज़
यह घटना अहमदनगर गाँव की है, जहाँ एक परिवार ने कमरे में फुफकारने की आवाज सुनी। जब उन्होंने देखा तो वहाँ चार बड़े साँप दिखे। बताया जा रहा है की साँप देखने में बेहद खतरनाक लग रहे थे।
स्नेक सेवर सिंटू ने पकड़े साँप
परिवार वालों ने ये जानकारी तुरंत स्नेक सेवर सिंटू को दी। सिंटू ने मौके पर पहुँचकर सूझबूझ से चारों सांपों को पकड़ लिया। इस दौरान इलाक़े के आस पास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।
गाँव में चर्चा का विषय बन गई यह घटना
सांपों को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया, जिसके बाद गाँव में माहौल शांत हुआ। इसके बाद यह घटना पूरे गाँव में चर्चा का विषय बन गई। लोग यही बातें करते नज़र आए कि एक ही घर में इतने साँप एक साथ कैसे आए।
सिंटू ने की लोगों से अपील
लोगों को चेतावनी देते हुए स्नेक सेवर सिंटू ने कहा कि गर्मी और बरसात के मौसम में सांप अक्सर ठंडी जग़ह की तलाश कर रहे होते हैं और अंधेरे वाली जगहों या घरों में छिपकर बैठ जाते हैं। उसने लोगों से अपील की कि वे घरों में साफ-सफाई रखें और किसी भी संदिग्ध हरकत या आवाज पर विशेषज्ञ की मदद लें, कोई भी लापरवाही न बरतें।
यह भी पढ़े: UP Weather News: हीट स्ट्रोक से 4 की मौत, प्राइमरी स्कूलों में छुट्टी बढ़ाने की माँग