बनारस,14 जुलाई,2025: पवित्र सावन माह के पहले सोमवार को द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक श्री काशी विश्वनाथ धाम में बाबा के दर्शन व् जलाभिषेक के लिए भारी संख्या में भक्तों की भीड़ उमड़ी। देश के कोने-कोने से लाखों भक्त बाबा के दर्शन के लिए आये हैं। काशी विश्वनाथ बाबा के दर्शन और जलाभिषेक के लिए भक्त सुबह से ही कतारों में लगे हुए हैं। बाबा के दरबार में चारों और ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के नारे गूंज रहें हैं।
भक्तों का किया गया पुष्प वर्षा के साथ स्वागत
सावन माह के पहले सोमवार की शुरुआत रातः काल में भगवान श्री काशी विश्वनाथ की मंगला आरती के साथ की गई। इसके बाद धाम के बाहर मैदागिन और गोदौलिया की ओर लंबी कतारों में खड़े भक्तों का पुष्प वर्षा के साथ भव्य स्वागत किया गया। फूलों की बारिश के बीच भक्तों का उत्साह बना हुआ था।
भक्तों का उत्साह और जलाभिषेक का विशेष महत्व
बाबा के दर्शन के लिए पहुँचे भक्तों ने बताया कि सावन के पहले सोमवार को बाबा का जलाभिषेक करने का बहुत महत्व होता है। लम्बी लम्बी कतारों में घंटों इंतजार करने के बाद भी शिव भक्तों के चेहरे पर बाबा के दर्शन करने की ख़ुशी झलक रही थी। ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के नारों से वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया था।
प्रशासन और मंदिर न्यास की व्यापक व्यवस्थाएँ
भक्तों को गर्मी और भीड़ में पानी की कमी न हो, इसके लिए जगह-जगह पानी के काउंटर लगाए गए हैं। साथ ही किसी भी आपात स्थिति या स्वास्थ्य संबंधी समस्या के लिए चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध है। भीड़ में बिछड़ने वाले लोगों, खासकर बच्चों के लिए खोया-पाया केंद्र स्थापित किया गया है। इसके अलावा सुरक्षाकर्मियों की पर्याप्त तैनाती की गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।
यह भी पढ़े: उत्तर प्रदेश के ललितपुर में बारिश ने तोड़े रिकॉर्ड, कई जिलों का हाल बेहाल