अयोध्या,09 जुलाई, 2025: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पौधारोपण महा अभियान की शुरुआत करने के लिए एक दिवसीय दौरे पर अयोध्या पहुँचे। इस दौरान उन्होंने पहले संकट मोचन हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन किया और प्रदेश की सुख-शांति की कामना की। इसके बाद उन्होंने श्री रामलला के दरबार में मत्था टेका, आरती की और दर्शन-पूजन के बाद निकलते समय आमजन का अभिवादन भी स्वीकार किया।
मुख्यमंत्री योगी ने मंदिर परिसर की परिक्रमा कर राम मंदिर निर्माण की प्रगति का जायजा लिया और राम दरबार में भी दर्शन किए। राम मंदिर न्यास के पदाधिकारियों ने उन्हें निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति और आगामी योजनाओं से अवगत कराया।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत एक ही दिन में 37 करोड़ से ज्यादा पौधे लगाकर नया कीर्तिमान स्थापित करने के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश आज यानी नौ जुलाई को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत नया कीर्तिमान बनाएगा।” उन्होंने कहा की, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और प्रेरणादायक मार्गदर्शन में पिछले आठ वर्षों में 204 करोड़ से ज्यादा पेड़ लगाए गए, जिससे वन क्षेत्र पांच लाख एकड़ और बढ़ गया है। इसी क्रम में आज एक ही दिन में उत्तर प्रदेश में 37 करोड़ से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य है।
यह भी पढ़े: UP News: फर्जी परीक्षार्थी ने रेलवे की परीक्षा में लगाई सेंध, केस दर्ज