सीतापुर, 07 अगस्त 2025: सीतापुर में दैनिक जागरण के पत्रकार राघवेंद्र बाजपेयी की हत्या के करीब पांच महीने बाद पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने गुरुवार सुबह एक मुठभेड़ में दो मुख्य आरोपियों को मार गिराया। मुठभेड़ के बाद घायल हुए बदमाशों को पिसावां सीएचसी लाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
राघवेंद्र बाजपेयी की 8 मार्च को सीतापुर-बरेली हाईवे पर हेमपुर रेलवे ओवरब्रिज के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनके शरीर पर चार गोलियां लगी थीं। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस और एसटीएफ की पांच टीमें पिसावां थाना क्षेत्र में चेकिंग कर रही थीं। इस दौरान महोली-पिसावां मार्ग पर दूल्हापुर तिराहे के पास बाइक सवार दो संदिग्ध दिखाई दिए।
जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस और एसटीएफ ने भी गोलीबारी की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए। बाद में उनकी पहचान मिश्रिख के अटवा गांव निवासी संजय तिवारी उर्फ अकील और राजू तिवारी उर्फ रिजवान के रूप में हुई। दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
ये भी देखे: Moradabad News: मारपीट कर घर से निकाला, फिर दिया तीन तलाक; पति सहित सात पर केस दर्ज