ऊना, 02 सितंबर 2025: ऊना जिले के ख्वाजा बसाल गांव में 27 जुलाई को दिन-दहाड़े राकेश उर्फ गग्गी की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर ऊना लाया है। इनमें होशियारपुर निवासी विपिन कुमार और ऊना के देहलां निवासी कुख्यात गैंगस्टर राजीव कौशल शामिल हैं।
विपिन कुमार को कुछ समय पहले पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने खरड़ से .32 बोर के देशी पिस्तौल और छह जिंदा कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में विपिन ने इस हत्याकांड में अपनी संलिप्तता कबूल की थी, जिसके बाद हिमाचल पुलिस ने उसे प्रोडक्शन वारंट पर पंजाब से मंगवाया।
ऊना के पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस का लक्ष्य इस हत्याकांड की पूरी साजिश और इसमें शामिल सभी लोगों को जल्द से जल्द बेनकाब करना है।
यह भी पढे: शराब ठेकों से 1769.68 करोड़ का राजस्व, गग्गल हवाई अड्डा विस्तार के लिए 460 करोड़ जारी