‘ट्रिपिंग, ओवरबिलिंग और….’ सीएम योगी की बिजली विभाग को सख्त चेतावनी

by Nishi_kashyap
बिजली विभाग

लखनऊ, 26 जुलाई,2025: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने अफसरों को कहा कि ओवरबिलिंग, ट्रिपिंग और अनावश्यक कटौती अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि जून 2025 में उत्तर प्रदेश ने रिकॉर्ड 31,486 मेगावाट की अधिकतम बिजली माँग सफलतापूर्वक पूरी की। इस अवधि में 16,930 मिलियन यूनिट बिजली की आपूर्ति की गई। लगातार बढ़ रही उमस और तापमान ने खपत को अप्रत्याशित रूप से बढ़ाया, इसके बावजूद शहरी क्षेत्रों में औसतन 24 घंटे, तहसील स्तर पर 21.5 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे तक बिजली उपलब्ध कराई गई।

बिलिंग प्रणाली में सुधार के निर्देश

ट्रिपिंग की लगातार आ रही शिकायतों पर मुख्यमंत्री योगी ने गहरी नाराजगी जताई और निर्देश दिया कि प्रत्येक फीडर की तकनीकी जाँच हो, कमजोर स्थानों की पहचान कर तुरंत सुधार कराया जाए। इसके अलावा उन्होंने कहा कि जहाँ जरूरत हो, वहाँ ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता बढ़ाई जाए ताकि ओवरलोडिंग की स्थिति से बचा जा सके।

‘संसाधनों की कोई कमी नहीं’

मुख्यमंत्री योगी ने ऊर्जा विभाग के अधिकारियों से कहा कि संसाधनों की कोई कमी नहीं है, सरकार ने बिजली उत्पादन, पारेषण और वितरण को मजबूत करने के लिए रिकॉर्ड बजट उपलब्ध कराया है। ऐसे में किसी स्तर पर लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

‘समय पर स्पष्ट और सटीक बिल मिलना चाहिए’

मुख्यमंत्री योगी ने बिलिंग व्यवस्था पर बोलते हुए कहा की हर उपभोक्ता को हर महीने सही समय पर स्पष्ट और सटीक बिल मिलना चाहिए। फॉल्स या ओवरबिलिंग जैसी शिकायतों से विभाग की साख को नुकसान पहुँचता है। बिलिंग एफिशिएंसी बढ़ाई जाए। उन्हें जानकारी दी गई कि अब तक 31 लाख उपभोक्ता स्मार्ट मीटर से जोड़े जा चुके हैं और इस प्रक्रिया को ब्लॉक स्तर तक ले जाने का कार्य तेज़ी से जारी है।

यह भी पढ़ें: UP Weather Update: आज इन जिलों जमकर बरसेंगे बादल, आंधी-तूफान का अलर्ट जारी

You may also like