चंडीगढ़, 28 जनवरी 2026: पंजाब सरकार के परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने कहा कि परिवहन विभाग के संविदा कर्मचारियों को नियमित करने सहित उनकी सभी जायज मांगों का शीघ्र समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि इन कर्मचारियों की मांगों पर विचार-विमर्श के लिए 3 फरवरी, 2026 को परिवहन सचिव के साथ यूनियन सदस्यों की बैठक तय की गई है।
आज यहां पंजाब रोडवेज, पनबस/पी.आर.टी.सी. कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन पंजाब के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक के दौरान भुल्लर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विभाग के संविदा कर्मचारियों की सभी जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जा रहा है।
मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने कहा कि पंजाब सरकार जहां कर्मचारियों और मुलाजिमों की भलाई के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य के लोगों और यात्रियों के हितों का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है। मंत्री ने कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे जनहित में अपनी सेवाएं निभाते रहें और सरकार भी अपने कर्मचारियों का पूरा ख्याल रखेगी।
ये भी देखे: पंजाब रोडवेज हड़ताल समाप्त, 7 घंटे की बैठक के बाद यूनियनों ने लिया वापस