नई दिल्ली, 12 मार्च 2025: पाकिस्तान के बलूचिस्तान में बलूच विद्रोहियों ने एक यात्री ट्रेन को हाईजैक कर लिया, जिसमें 500 से अधिक लोग सवार थे। बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है और दावा किया है कि उन्होंने ट्रेन को पटरी से उतार दिया। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, विद्रोहियों ने 214 यात्रियों को बंधक बना लिया, जबकि अन्य सामान्य नागरिकों, महिलाओं और बच्चों को रिहा कर दिया।
बलूचिस्तान ट्रेन हाईजैक: भारत पर गंभीर आरोप
इस घटना के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के सलाहकार राणा सनाउल्लाह ने इस हमले के पीछे भारत का हाथ होने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि भारत इस हमले को अफगानिस्तान के अंदर से संचालित कर रहा है, और कहा कि “इसमें कोई शक नहीं है कि पाकिस्तान के दुश्मन सक्रिय हैं।
राणा सनाउल्लाह ने यह भी कहा कि बलूच विद्रोहियों को अफगानिस्तान में सुरक्षित ठिकाना मिल जाता है, जहां वे अपनी साजिशों को अंजाम देते हैं। उन्होंने भारत पर आरोप लगाया कि वह तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) दोनों का समर्थन कर रहा है।
पाकिस्तान सरकार के अधिकारियों का मानना है कि यह हमला सिर्फ एक आतंकी कार्रवाई नहीं है, बल्कि इसे एक बड़े रणनीतिक खेल का हिस्सा माना जा रहा है। राणा सनाउल्लाह ने इसे एक साजिश” करार देते हुए कहा कि पाकिस्तान के दुश्मन देश सक्रिय रूप से इस तरह की घटनाओं को बढ़ावा दे रहे हैं ताकि पाकिस्तान की आंतरिक सुरक्षा पर दबाव डाला जा सके।
पाकिस्तान में बलूचिस्तान क्षेत्र पहले ही अलगाववादियों के हमलों से जूझ रहा है। पिछले कुछ वर्षों में इस क्षेत्र में बलूच विद्रोहियों द्वारा हमलों में वृद्धि देखी गई है। इस ताजा हमले ने पाकिस्तान की सुरक्षा को और भी चुनौतीपूर्ण बना दिया है।
पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की ओर से अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि इस हमले में कितने लोग घायल हुए हैं, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है।
ये भी देखे: पाकिस्तान के बोलन जिले में ट्रेन हाईजैक: बीएलए ने बंधकों की जान को खतरे में डाला, सेना को दी चेतावनी