कुरुक्षेत्र, 25 नवंबर 2025: पिहोवा के तिलक कॉलोनी में बिजली निगम के 34 साल के सहायक लाइनमैन अनूप कुमार की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा रात करीब साढ़े दस बजे हुआ जब वे ट्रांसफॉर्मर की शिकायत ठीक करने खंभे पर चढ़े थे।
अनूप जैसे ही खंभे पर पहुंचे उन्हें जोरदार करंट लगा। वे सीधे नीचे गिर पड़े। साथी कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
अनूप हिसार के हांडा खेड़ी गांव के रहने वाले थे। सिर्फ एक साल पहले ही बिजली निगम में नौकरी लगी थी। उससे पहले वे मोबाइल कंपनी में इंजीनियर थे। पीछे पत्नी, सात साल का बेटा और चार साल की बेटी छोड़ गए हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज की। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। फोरेंसिक टीम ने प्राथमिक कारण करंट लगना बताया है। विसरा आगे की जांच के लिए भेजा गया है।
बिजली निगम के कर्मचारियों में गुस्सा है। उनका कहना है कि सुरक्षा उपकरणों की कमी के चलते यह हादसा हुआ।
ये भी देखे: हिसार के मिर्जापुर रोड पर करंट से दर्दनाक हादसा, तीन युवकों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल