अमृतसर, 14 फ़रवरी 2026: कनाडा से आए एक उच्च स्तरीय सिख प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को अमृतसर के श्री हरिमंदिर साहिब (गोल्डन टेंपल) पहुंचकर दर्शन किए और मथ्था टेका। इस दल में कनाडा की कंजर्वेटिव पार्टी के शैडो वित्त मंत्री एवं सांसद जसराज सिंह हालण, सांसद अमरप्रीत सिंह गिल (कैलगरी स्काईव्यू) और सांसद दलविंदर सिंह गिल शामिल थे।
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजेंद्र सिंह धामी और शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने प्रतिनिधिमंडल का गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल ने गुरु ग्रंथ साहिब के सामने मत्था टेका और अरदास की।
इस मौके पर SGPC अध्यक्ष हरजेंद्र सिंह धामी और प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के बीच विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। सांसद जसराज सिंह हालण और दलविंदर सिंह गिल ने कहा कि पूर्ण गुरसिखी स्वरूप में कनाडा की संसद में मानवता की बात करना उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि कनाडा में सिख समुदाय की मजबूत उपस्थिति और योगदान को देखते हुए वे वहां सिख मूल्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने श्री हरिमंदिर साहिब की सेवा और प्रबंधन की सराहना की। उन्होंने SGPC के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह संस्था विश्व भर के सिखों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
ये भी देखे: SGPC अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने गुरुद्वारा अंब साहिब के मैनेजर राजिंदर सिंह को किया सस्पेंड