जौनपुर, 27 नवंबर 2025: केराकत थाना क्षेत्र के मुफ्तीगंज के पास बुधवार देर रात बारातियों से भरी एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खड्ड में गिर गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि वाराणसी से बारात लेकर जौनपुर लौट रही थी। रात करीब 1 बजे मुफ्तीगंज के पास ड्राइवर का संतुलन बिगड़ा और कार सीधे खाई में जा गिरी।
मृतकों की पहचान बबलू सोनकर (45), श्यामलाल सोनकर (35) और राजू सोनकर (45) के रूप में हुई है। तीनों एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। दो घायलों को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला गया। हादसे की वजह तेज रफ्तार और अंधेरा बताया जा रहा है। बारात में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ये भी देखे: Jaunpur Accident: जौनपुर में पलटी सवारियों से भरी बस, 4 लोगों की मौत