नई दिल्ली, 16 जुलाई 2025: Delhi Bomb Threat News: दिल्ली में एक बार फिर स्कूलों को निशाना बनाते हुए बम की धमकी भरे ईमेल्स ने हड़कंप मचा दिया है। बुधवार (16 जुलाई 2025) सुबह द्वारका, वसंत कुंज, पश्चिम विहार और हौज खास के चार प्रमुख स्कूलों जिसमें सेंट थॉमस स्कूल, वसंत वैली स्कूल, रिचमंड ग्लोबल स्कूल और मदर इंटरनेशनल स्कूल को ईमेल के जरिए बम विस्फोट की धमकी मिली।
ईमेल के जरिए मिली धमकी
सबसे पहले सुबह 5:22 बजे सेंट थॉमस स्कूल (द्वारका) को धमकी भरा ईमेल मिला, इसके बाद 6:30 बजे वसंत वैली स्कूल (वसंत कुंज), 8:11 बजे रिचमंड ग्लोबल स्कूल (पश्चिम विहार) और 8:12 बजे मदर इंटरनेशनल स्कूल (हौज खास) को भी ऐसे ही ईमेल मिले। इन धमकियों के बाद स्कूल प्रशासनों ने तुरंत दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग को सूचित किया।
अब तक कोई संदिग्ध वस्तु या बम नहीं मिला
सुबह 5:30 से 8:30 बजे के बीच दिल्ली फायर सर्विस को इन स्कूलों से कॉल्स मिलीं। दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और अन्य आपातकालीन टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और सभी स्कूलों को खाली करवाकर गहन तलाशी शुरू की। अब तक की जांच में कोई संदिग्ध वस्तु या बम नहीं मिला है, लेकिन एहतियात के तौर पर स्कूलों को बंद कर दिया गया और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
पुलिस की साइबर क्राइम सेल इन ईमेल्स के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। यह लगातार तीसरा दिन है जब दिल्ली के शिक्षण संस्थानों को ऐसी धमकियां मिली हैं।
ये भी देखे: Bomb Threat: दिल्ली के दो स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप