अधूरा डीए जारी करने के विरोध में शिक्षा विभाग के कार्यालय के सामने हजारों कंप्यूटर अध्यापकों का बड़ा प्रदर्शन

राज्य सरकार और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के खिलाफ जमकर हुई नारेबाजी

by TheUnmuteHindi
अधूरा डीए जारी करने के विरोध में शिक्षा विभाग के कार्यालय के सामने हजारों कंप्यूटर अध्यापकों का बड़ा प्रदर्शन

अधूरा डीए जारी करने के विरोध में शिक्षा विभाग के कार्यालय के सामने हजारों कंप्यूटर अध्यापकों का बड़ा प्रदर्शन
राज्य सरकार और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के खिलाफ जमकर हुई नारेबाजी
दिल्ली कूच की तैयारी पूरी, जल्द होगी तारीख की घोषणा
मोहाली : पंजाब भर के कंप्यूटर अध्यापकों द्वारा 1 सितंबर से संगरूर के डीसी कार्यालय के सामने की जा रही लगातार भूख हड़ताल और 3 जनवरी से जारी आमरण अनशन के चलते सरकार के साथ हुई विभिन्न बैठकों के बाद सरकार ने कंप्यूटर अध्यापकों के लिए आधा-अधूरा महंगाई भत्ता (डीए) बढ़ाने का पत्र जारी किया था, जिसे कंप्यूटर अध्यापकों ने सरकार का धोखा करार देते हुए इसका सख्त विरोध किया। इसी कड़ी में कंप्यूटर अध्यापकों ने मोहाली स्थित शिक्षा विभाग के कार्यालय के सामने विशाल रोष प्रदर्शन का आयोजन किया, जिसमें हजारों की संख्या में एकत्र हुए कंप्यूटर अध्यापकों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की और राज्य सरकार व शिक्षा विभाग के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया।

इस दौरान कंप्यूटर अध्यापक भूख हड़ताल संघर्ष कमेटी के नेताओं के साथ शिक्षा सचिव की बैठकें भी चलती रहीं, जिसमें अधिकारियों ने एक हफ्ते के भीतर उनके डीए की समस्या को हल करने का भरोसा दिया। हालांकि, कंप्यूटर अध्यापकों ने बैठक के बाद अपने संघर्ष को और तेज करने का ऐलान किया और जल्द ही दिल्ली में आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के चुनाव क्षेत्र में बड़ा प्रदर्शन करने की घोषणा की।

इस संबंध में जानकारी देते हुए कंप्यूटर अध्यापक भूख हड़ताल संघर्ष कमेटी के नेता परमवीर सिंह पम्मी, जोनी सिंगला, प्रदीप कुमार मलूका, नरदीप शर्मा, रजवंत कौर, रणजीत सिंह, लखविंदर सिंह, गुरबख्श लाल, जसपाल, उदम सिंह डोगरा, राकेश सैनी, सुशील अंगुराल, बलजीत सिंह, प्रियंका बिष्ट, नायब सिंह बुक्कनवाल, जसविंदर सिंह लुधियाना ने बताया कि राज्य सरकार लगातार उनके साथ मजाक कर रही है और विभिन्न मांगों पर सहमति बनने के बावजूद भी कंप्यूटर अध्यापकों के विरोध में कार्रवाइयां जारी हैं।
दिल्ली प्रदर्शन की तैयारियों में जुटे कंप्यूटर अध्यापक :
कंप्यूटर अध्यापकों ने कहा कि पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार ने उनके साथ धोखा किया है और उनके भविष्य को अंधकार की ओर धकेला है। अब वे आने वाले दिनों में दिल्ली में एक बड़े प्रदर्शन के माध्यम से दिल्ली के आम लोगों को अपनी कहानी सुनाएंगे। इस दौरान वे अपनी पीड़ा को बयां करते हुए पंफलेट और आम आदमी पार्टी का पंजाब विधानसभा चुनावों वाला घोषणापत्र दिल्ली के लोगों में वितरित करेंगे और इंसाफ की मांग करेंगे।

उन्होंने बताया कि दिल्ली प्रदर्शन से संबंधित सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। 27 जनवरी को वे दिल्ली में एक विशाल प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और उसी दिन आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई पूरी कर वहीं से दिल्ली प्रदर्शन की तारीख की घोषणा करेंगे। कंप्यूटर अध्यापकों ने साफ किया कि जब तक उनके रेगुलर ऑर्डर्स में दर्ज सभी लाभों के साथ उन्हें छठे वेतन आयोग का लाभ देते हुए शिक्षा विभाग में मर्ज नहीं किया जाता, तब तक उनका संघर्ष ऐसे ही जारी रहेगा और राज्य सरकार का हर मोर्चे पर कड़ा विरोध किया जाएगा।

You may also like