कटनी, 19 अप्रैल : मध्यप्रदेश के कटनी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक प्राथमिक शिक्षक ने छात्रों को शराब पिलाई है। बता दें मिक कटनी के शासकीय प्राथमिक शाला पुरानी बस्ती खिरहनी के प्राथमिक शिक्षक का छात्रों को शराब पिलाते और उनको प्रेरित करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होते ही हडक़ंप मच गया। जहां एक शिक्षक का कर्तव्य छात्रों के भविष्य को संवारना होता है, वहीं मध्य प्रदेश के कटनी जिले से सामने आए एक वीडियो ने पूरे शिक्षा जगत को शर्मसार कर दिया है। एक सरकारी स्कूल के शिक्षक द्वारा छात्रों को शराब परोसने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह मामला बरवारा ब्लॉक के खिरहनी गांव स्थित एक प्राथमिक विद्यालय का है, जहां शिक्षक लाल नवीन प्रताप सिंह कथित तौर पर छात्रों को शराब पीने के लिए प्रेरित करते नजर आ रहे हैं।
कलेक्टर ने मामले का लिया सख्त संज्ञान
प्राथमिक शिक्षक का वीडियो वायरल होने के बाद कलेक्टर ने इस मामले में संज्ञान लिया और जांच के निर्देश दिए। जांच पूरी होने के बाद प्राथमिक शिक्षक को निलंबित कर दिया गया। बच्चों को शराब पिलाने संबंधी वायरल वीडियो शुक्रवार को कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के संज्ञान में आया। उन्होंने तत्काल जिला शिक्षा अधिकारी को संबंधित शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।