राजिंद्रा जिमखाना एंड महिंद्रा क्लब में लाखों रुपए का घपला होने से मचा घमासान, धोखाधड़ी का केस दर्ज

by Manu
महिंद्रा क्लब

पटियाला, 15 सितंबर 2025: उत्तरी भारत के नामवर पटियाला स्थित राजिंद्रा जिमखाना एंड महिंद्रा क्लब में हुए लाखों रुपए के घपले ने पूरी तरह घमासान मचा दिया है। क्लब के वीवीआईपी मेंबर भी इस बात को लेकर हैरान हैं कि आखिर यह कैसे हो गया। उधर क्लब के मौजूदा प्रधान दीपक कंपानी और उप प्रधान विकास पुरी ने घपला करने वाले दो ऑडिटरों के खिलाफ पटियाला में धोखाधड़ी का केस दर्ज करवाया है।

राजिंद्रा जिमखाना एंड महिंद्रा क्लब में लंबे समय से गोयल एंड एसोसिएट कंपनी और एक अन्य कंपनी गोयल महाजन एंड एसोसिएट पूरे साल के लाखों रुपए के लेन-देन का बतौर सीए कामकाज देख रही थी। इन कंपनियों के प्रोपराइटर अशोक गोयल, नीरज जिंदल और राजीव गोयल हैं, जो बतौर ऑडिटर और सीए पूरे क्लब का फाइनेंशियल सिस्टम देखते थे।

 ऑडिटरों ने क्लब मैनेजमेंट की प्रवानगी बिना ही पैसे कर लिए अपने खाते में शिफ्ट

इन प्रोपराइटरों ने आपस में मिलीभगत करके धोखाधड़ी करते हुए, राजिंद्रा जिमखाना एंड महिंद्रा क्लब के मोटे पैसे हड़प कर लिए और क्लब के खाते से गोयल महाजन एंड एसोसिएट कंपनी में 5 लाख 21 हजार 663 रुपए की रकम बिना किसी इजाजत के शिफ्ट कर लिए। इसके अलावा अलग-अलग तारीखों में और भी लाखों रुपए शिफ्ट किए गए। यहां ही बस नहीं, गोयल एंड एसोसिएट के प्रोपराइटर अशोक गोयल, नीरज कुमार आदि ने अपनी ऑडिट की एक साल की फीस डेढ़ लाख से बढ़ाकर 1 लाख 80 हजार कर ली और फिर टैक्स समेत 1 लाख 93 हजार कर ली और क्लब के खाते से पैसे ट्रांसफर कर लिए।

गोयल एंड एसोसिएट कंपनियों के इन प्रोपराइटरों ने क्लब को गुमराह करते हुए, रजिस्ट्रेशन हाउस और अकाउंटिंग हाउस के नाम फर्जी बिल रिकॉर्ड एंट्रियां डाल दीं और यह फ्रॉड पिछले कई सालों से लगातार जारी है।

जब 19-10-2024 को दीपक कंपानी की अगुवाई में राजिंद्रा जिमखाना एंड महिंद्रा क्लब का नई मैनेजमेंट ने चार्ज संभाला तो उसी दिन क्लब की एजीएम में इन ऑडिटरों को बर्खास्त कर दिया गया और नए ऑडिटर कम सीए लगाने लिए भी प्रस्ताव पास किया गया। उसके बाद इन दोनों कंपनियों के अशोक गोयल, नीरज जिंदल और अन्य अपनी यह बर्खास्तगी रोकने लिए आरओसी के पास चले गए और इन लोगों ने बर्खास्तगी के बाद भी क्लब की मैनेजमेंट को हिसाब-किताब नहीं दिया। इसके बाद क्लब की मैनेजमेंट कमेटी के 12 में से 9 मेंबरों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास कर इनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की और क्लब के मौजूदा प्रधान दीपक कंपानी और उप प्रधान विकास पुरी अपना पूरा केस लेकर पटियाला के एसएसपी के पास पहुंचे। एसएसपी पटियाला ने इस केस को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच एक सीनियर आईपीएस को मार्क की।

इस जांच में स्पष्ट पाया गया कि इन व्यक्तियों ने क्लब से लाखों रुपए की धोखाधड़ी की है, जिसके बाद पटियाला पुलिस ने अशोक गोयल, नीरज जिंदल और इनकी कंपनियों गोयल महाजन एंड एसोसिएट और दूसरी फर्म के खिलाफ धोखाधड़ी और रिकॉर्ड से छेड़छाड़ के जुर्म में धारा आईपीसी 1860 तहत 406, 420, 465, 467, 468, 471, 120बी आदि धाराओं के तहत धोखाधड़ी, रिकॉर्ड से छेड़छाड़ करने का केस बीते कल पटियाला में दर्ज कर लिया है।

क्लब में हुए इतने बड़े फ्रॉड के कारण बड़ी हलचल का माहौल है। उधर पटियाला पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि यह केस पूरी जांच उपरांत दर्ज किया गया है और दोषियों को बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

You may also like