पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया के घर पर देर रात हुआ ग्रेनेड हमला

by TheUnmuteHindi
पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया के घर पर देर रात हुआ ग्रेनेड हमला

जालंधर, 8 अप्रैल : पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के जालंधर स्थित घर पर सोमवार देर रात धमाका किया गया। बता दें कि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पंजाब सरकार में पूर्व मंत्री रह चुके मनोरंजन कालिया के आवास पर मंगलवार तडक़े एक बजे के करीब ग्रेनेड हमला हुआ। हालांकि, गनीमत रही कि कालिया और उनके परिवार को कोई शारीरिक क्षति नहीं पहुंची। बताया जा रहा है कि एक अज्ञात व्यक्ति ई-रिक्शा में सवार होकर कालिया के घर के पास आया और मुख्य गेट के समीप ग्रेनेड फेंक कर फरार हो गया।

जानिए क्या है मामला

सोमवार देर रात करीब डेढ़ बजे तीन से चार युवक एक ई-रिक्शा पर आते दिखाई दे रहे हैं, जो कालिया के घर पर विस्फोटक वस्तु फेंककर फरार हो गए। विस्फोटक घर के अंदर उनकी कार के पास जाकर गिरा। जोरदार धमाके से कार के साथ ही घर की खिड़कियां भी टूट गईं। जमीन पर गड्ढा भी हो गया है। घटना के समय मनोरंजन कालिया घर पर सो रहे थे। वह और उनके स्वजन सुरक्षित हैं। घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी मनप्रीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।

पुलिस चौंकियों व अन्य जगह भी हो चुके हैं हमले

बता दें कि अब तक राज्य में 24 नवंबर 2024 से पुलिस चौकियों, थानों व अन्य स्थानों पर धमाके होने की कुल 16 घटनाएं हो चुकी हैं। अमृतसर में छह, नवांशहर व पटियाला में एक-एक और गुरदासपुर में रविवार देर रात की घटना को मिलाकर कुल चार पुलिस थानों और चौकियों में थमाके हुए हैं। इसके अलावा आतंकियों ने मंदिर, कारोबारी, पुलिस कर्मी के रिश्तेदार और यूट्यूबर के घरों पर भी धमाके किए हैं।

You may also like