पंजाब में मंडरा रहा बाढ़ का खतरा, प्रशासन ने की लोगों से ख़ास अपील

by Nishi_kashyap
बाढ़

पंजाब,01 जुलाई 2025: हिमाचल में लगातार हो रही भारी बारिश का असर पंजाब में भी देखने को मिल रहा है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार हिमाचल के सात जिलों में बाढ़ की स्थिति बन रही है, जिससे पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी बाढ़ का खतरा बन गया है।

हिमाचल के चंबा, शिमला, सिरमौर, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और सोलन जिलों में भारी बारिश के कारण नदियों और नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। मंडी के पंडोह डैम से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण पंजाब की ओर बहने वाली नदियों में भी जलस्तर ज्यादा बढ़ गया है। पिछले 24 घंटों में डैम से करीब 43,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा चूका है। जिससे सतलुज और ब्यास के किनारे बसे इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।

लोगों से की गई खास अपील

पंजाब के रोपड़, गुरदासपुर,होशियारपुर और पठानकोट जिलों में प्रशासन ने निगरानी शुरू कर दी है। बाढ़ संभावित क्षेत्रों में कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिए गए हैं और लोगों से अपील की गई है कि वे नदियों के पास न जाएँ।

आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों में जारी किया हाई अलर्ट

इसके अलावा आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा भी सभी जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। वर्ष 2023 में भी हिमाचल की भारी बारिश के कारण पंजाब के कई इलाकों में पानी घुस गया था, जिससे जन-जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ था।

ग्रामीण और नदी किनारे बसे क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह

प्रशासन ने ग्रामीण और नदी किनारे बसे क्षेत्रों में लोगों को विशेष सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। पर्यटकों और आम जनता को सलाह दी गई है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।

यह भी पढ़े: Haryana News: बरसात के मौसम में तेजी से फ़ैल रहा डेंगू, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

You may also like