चंडीगढ़, 23 मार्च 2026: मोहाली जिले के सेक्टर-94 में एक सेशन जज के आवास पर चोरों ने लूटपाट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। जज पिछले 15 दिनों से अपने गनमैन के साथ मोगा में ड्यूटी पर थीं। घर ताला बंद था लेकिन चोरों ने आराम से अंदर घुसकर पूरे घर की तलाशी ली और कीमती सामान समेटकर फरार हो गए।
शिकायतकर्ता हरिंदर सिंह ने पुलिस को बताया कि वह पंजाब पुलिस में तैनात हैं और सेशन जज मोगा नीलम अरोड़ा के साथ उनकी सुरक्षा ड्यूटी संभालते हैं। 5 मार्च 2026 को परिवार सहित घर बंद करके मोगा चले गए थे। 20 मार्च की रात करीब 8:30 बजे जब वे घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर घुसते ही सारे कमरे अस्त-व्यस्त नजर आए। अलमारियां खुली हुई थीं, सामान चारों तरफ बिखरा पड़ा था और घर की सभी लाइटें जल रही थीं।
जांच में पता चला कि चोर पीछे के दरवाजे को तोड़कर या खोलकर अंदर घुसे थे। उन्होंने घर के हर कोने में साफ-साफ तलाशी ली। चोरों ने न केवल कीमती सामान उठाया बल्कि धार्मिक वस्तुओं को भी नहीं बख्शा। रसोई से पीतल की श्रीकृष्ण मूर्ति, पीतल के बर्तन और अन्य सामान ले गए। इतना ही नहीं बाथरूम के नल और फिटिंग्स तक उतारकर ले गए।
मोहाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
ये भी देखें: Ludhiana News: लिव-इन पार्टनर ने की चोरी, फिर दोस्तों संग मिलकर ब्लैकमेल कर वसूले रुपये