विजीलेंस टीम ने सब इंस्पैक्टर को भ्रष्टाचार के मामले में किया गिरफ्तार

by TheUnmuteHindi
विजीलेंस टीम ने सब इंस्पैक्टर को भ्रष्टाचार के मामले में किया गिरफ्तार

कैथल, 10 अप्रैल : एंटी करप्शन ब्यूरो अंबाला ने बीती रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए कैथल पुलिस में तैनात सब इंस्पेक्टर मनवीर सिंह को रिश्वत मांगने और महिला वकील के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार भ्रष्टाचार के खिलाफ मोर्चा संभाल चुकी एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) अंबाला ने बीती रात कार्रवाई करते हुए कैथल पुलिस में तैनात सब इंस्पेक्टर मनवीर सिंह को रिश्वत मांगने और महिला वकील से अश्लील हरकत करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वर्तमान में इकनॉमिक सेल में तैनात था। गिरफ्तारी की यह कार्रवाई बिल्कुल फिल्मी अंदाज में हुई और इससे पूरे पुलिस महकमे में हडक़ंप मच गया है।

धोखाधड़ी के मामले की जांच कर रहा था सब इंस्पेक्टर

यह मामला राजौंद थाने से जुड़ा है, जहां राजौंद के एक व्यक्ति द्वारा शिकायतकर्ता पिता के खिलाफ प्लॉट बेचने को लेकर धोखाधड़ी मामला दर्ज करवाया था, जिसकी जांच इकनॉमिक सेल में तैनात आरोपी सब इंस्पेक्टर मनवीर सिंह कर रहा था। इस केस में सब इंस्पेक्टर मनवीर सिंह ने शिकायतकर्ता का नाम केस से हटाने के बदले एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता की विधवा बेटी, जो पेशे से वकील है, ने जब रिश्वत देने से इंकार किया, तो आरोपी ने उसकी छोटी बहन को भी केस में फंसाने की धमकी दी। साथ ही आरोपी ने महिला वकील से अभद्रता और अश्लील हरकतें भी कीं।

विजीलेंस टीम ने घर जाकर किया गिरफतार

महिला वकील ने इस मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो के पुराने सहयोगी रविंद्र जंगी के माध्यम से विजिलेंस टीम से की। शिकायत के आधार पर एक रेडिंग पार्टी तैयार की गई। योजना के अनुसार, आरोपी को पैसे देने के बहाने नागरिक अस्पताल के पास बुलाया गया। महिला की सतर्कता के चलते मुलाकात अस्पताल की कैंटीन के पास तय हुई। हालांकि आरोपी गाड़ी से नहीं उतरा और वकील को गाड़ी के पास बुलाकर न केवल छेडख़ानी की, बल्कि उसे होटल चलने का दबाव भी बनाया। जब महिला ने इशारों में विजिलेंस टीम से मदद मांगी, तो मनवीर को खतरे की आहट लगी और वह गाड़ी भगाकर फरार हो गया। थोड़ी देर तक इधर-उधर घूमने के बाद वह अपने घर पहुंचा। लेकिन पहले से सतर्क विजिलेंस टीम ने उसके घर को घेर लिया। जैसे ही मनवीर को इसका पता चला, उसने घर की लाइटें बंद कर दीं और पड़ोसियों की छतों से भागने की कोशिश की। इस दौरान घरवालों ने भी विजिलेंस टीम को रोकने की कोशिश की, जिससे कुछ अधिकारियों के कपड़े फट गए और उन्हें हल्की चोटें भी आईं।

You may also like