कर्नल व उनके बेटे के साथ मारपीट का मामला गर्माया, करेंगे प्रदर्शन : परिवार

by TheUnmuteHindi
कर्नल व उनके बेटे के साथ मारपीट का मामला गर्माया, करेंगे प्रदर्शन : परिवार

पटियाला, 21 मार्च : पंजाब के पटियाला में कर्नल पुष्पिंदर बाठ और उनके बेटे अंगद सिंह के साथ गत दिनों कुछ पुलिस कर्मचारियों द्वारा मारपीट करके घायल करने का मामला प्रकाश में आया था। अब यह मामला तूल पकड़ता जा रहा है तथा परिवार ने आरोप लगाया है कि अब तक जांच अधिकारी के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। इस बीच, सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर जबरदस्त आक्रोश है। पूर्व सैन्य अधिकारी भी पुलिस कार्रवाई के खिलाफ प्रदर्शन की तैयारी कर रहे हैं। यदि न्याय नहीं मिला तो 22 मार्च को पटियाला में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

जानिए क्यों हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार, पूरा विवाद पार्किंग को लेकर हुआ था। एसएसपी नानक सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि 13-14 मार्च की रात राजेंद्र हॉस्पिटल के बाहर एक घटना हुई थी। सेना के कर्नल और उनके बेटे के साथ पुलिस की झड़प हुई। इस घटना का हमें बहुत दुख है। यह घटना नहीं होनी चाहिए थी। ऐसी घटना पहले कभी नहीं घटी। इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए 12 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया है।

पुलिस कर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच के दिए हैं आदेश

जानकारी के अनुसार उन्होंने आगे कहा कि सभी पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। 45 दिन में जांच पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि हम सेना के अधिकारी के मामले में माफी मांगते हैं। हम सेना का पूरा सम्मान करते हैं। कर्नल की पत्नी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उनके पति पुष्पिंदर सिंह बाठ और उनके बेटे अंगद सिंह को पुलिस इंस्पेक्टर हरजिंदर सिंह ढिल्लों, इंस्पेक्टर हैरी बोपाराय और इंस्पेक्टर रौनी सिंह और उनके लगभग 10 पुलिसकर्मियों ने डंडों, बेसबॉल के बैट और कुछ तेजधार हथियारों से बेरहमी से पीटा।

You may also like