लखनऊ, 4 जून 2025: मोदी सरकार के 11 वर्ष पूरे होने के मौके पर भाजपा प्रदेश भर में कार्यक्रम आयोजित कर जनता को उसकी उपलब्धियां से परिचित कराएगी। मंगलवार को लखनऊ में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केंद्र सरकार की 11 वर्ष की उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाई जाएं।
मोदी सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियां गर्व का विषय
भागीदारी भवन में आयोजित कार्यशाला में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मोदी सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियां गर्व का विषय हैं। इन उपलब्धियों को प्रदेश, जिला, मंडल और केंद्र स्तर पर जनता तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को अपनी भूमिका निभानी होगी। जानकारी के लिए आपको बतादें की उन्होंने कार्यकर्ताओं से शक्ति केंद्रों पर आयुष्मान कार्ड और राशन कार्ड वितरित करने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री योगी ने भारत की सांस्कृतिक विरासत के पुनर्जन्म का श्रेय भी प्रदेश की मोदी सरकार को दिया।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का लोकार्पण और प्राण प्रतिष्ठा, काशी विश्वनाथ धाम का पुनरोद्धार और महाकुंभ जैसे कार्यक्रमों के आयोजन से प्रदेश की छवि बदल रही है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने मोदी सरकार की जनहित की योजनाओं को जनता के बीच लेकर जाने का आह्वान किया।
पीएम मोदी के नेतृत्व में बदल रहा है देश
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व ने देश को भ्रष्टाचार से मुक्त कर दिया है और देश को प्रगति की राह पर लाकर खड़ा कर दिया है।राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम ने भी कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश पहले के मुकाबले बदल रहा है। आंतरिक सुरक्षा से लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा तक में भारत पूरी दुनिया के लिए एक उदाहरण बना है। पहलगाम की घटना के बाद भारत ने कैसे पाकिस्तान को सबक सिखाया, उसे हर व्यक्ति को जानने की जरूरत है।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले आवास, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से बहुत लोग वंचित रहे लेकिन आज लोगों को सभी सुविधाएँ मुहैया करवाई गई है। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की वजह से आज भारत की चर्चा पूरी दुनिया में की जा रही है।
9 से 21 जून तक चलेंगे कार्यक्रम
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बताया कि विकसित भारत का अमृत काल एवं सेवा सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्षों पर केंद्रित अभियान नौ से 21 जून तक चलेंगे। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया की पहले दिन नौ जून को मुख्यमंत्री लखनऊ मे प्रेस वार्ता करेंगे। 10 व 11 जून को जिलों में प्रेस कान्फ्रेंस होगी। मोदी सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
उन्होंने बताया की नौ जून से नौ जुलाई के बीच ‘बदलता भारत मेरा अनुभव’ पर आधारित डिजिटल प्रतियोगिताओं की शुरूआत की जाएगी।12 से 14 जून तक विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन होगा। साथ ही 15 से 17 जून तक शक्ति केंद्र स्तर पर नगरीय क्षेत्रों में मोहल्ला चौपाल व पंचायतों में ग्राम चौपाल का आयोजन बह किया जाएगा। इसके अलावा 21 जून को विश्व योग दिवस के अवसर पर सभी मंडलों में योग शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा।