अहमदाबाद, 17 जून 2025: गुजरात के अहमदाबाद से लंदन जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI-159 को मंगलवार को तकनीकी खराबी के कारण रद्द कर दिया गया। यह बोइंग 787-8 विमान दोपहर 1:10 बजे उड़ान भरने वाला था, लेकिन रूटीन जांच के दौरान खराबी पाए जाने के बाद इसे रद्द करना पड़ा। यह वही रूट है, जहां 12 जून 2025 को एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें 241 यात्रियों सहित 279 लोगों की जान चली गई थी।
फ्लाइट रद्द होने से अहमदाबाद एयरपोर्ट पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री पहले ही चेक-इन के लिए पहुंच चुके थे। एक यात्री ने समाचार एजेंसी ANI से कहा, “मैं अपने परिवार के साथ लंदन जा रहा था, लेकिन हमें अचानक बताया गया कि फ्लाइट रद्द हो गई है। न तो क्रू ने कोई वजह बताई और न ही रिफंड की कोई जानकारी दी।” एक अन्य यात्री ने बताया, “हमें सूचना दी गई कि अब यह फ्लाइट कल सुबह 11 बजे उड़ान भरेगी। इस देरी से सभी को काफी परेशानी हो रही है।”
12 जून की घटना को याद करते हुए, उस दिन फ्लाइट AI-171 ने अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन कुछ ही मिनटों बाद पायलट का नियंत्रण खो गया। विमान ऊंचाई नहीं ले पाया और पास की एक इमारत से टकराकर धमाके के साथ क्रैश हो गया। इस हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया था।
ये भी देखे: थाईलैंड से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी, थाईलैंड में इमरजेंसी लैंडिंग