लुधियाना, 24 फरवरी 2026: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि मार्च से लुधियाना में टाटा स्टील के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के कार्यशील होने से पंजाब में उद्योग को बड़ा हौसला मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट राज्य की प्रगतिशील नीतियों और मजबूत शासन ढांचे में वैश्विक उद्योग के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि टाटा स्टील ग्रुप दुनिया के अग्रणी स्टील निर्माताओं में से एक है, जिसकी कच्चे स्टील की वार्षिक क्षमता लगभग 34 मिलियन टन है और दुनिया के विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों में इसका मजबूत स्थान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टाटा स्टील लिमिटेड लुधियाना की हाई-टेक वैली के निकट रीबार मिल के साथ 0.75 एम.टी.पी.ए. इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस आधारित स्टील-मेकिंग सुविधा स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि 115 एकड़ में फैले इस प्रोजेक्ट में शुरू में लगभग 2,600 करोड़ के निवेश का अनुमान लगाया था लेकिन अब ये बढ़कर 3,200 करोड़ हो गया है। इस प्लांट से लगभग 2,500 व्यक्तियों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ने इस मेगा प्रोजेक्ट के निर्माण और संचालन को समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित किया है।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह जमशेदपुर के बाद भारत में टाटा स्टील का दूसरा सबसे बड़ा प्लांट है।
ये भी देखे: मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ‘मेरी रसोई’ स्कीम लॉन्च का ऐलान किया, जाने क्या है ये स्कीम ?