छात्र आंदोलन की जीत, PU सीनेट चुनावों को मंजूरी, 2026 में सितंबर-अक्टूबर में होंगे वोटिंग

by Manu
PU

चंडीगढ़, 27 नवंबर 2025: पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) में छात्रों के लंबे धरना प्रदर्शन के बीच बड़ी खुशखबरी आई। उपराष्ट्रपति और यूनिवर्सिटी चांसलर सीपी राधाकृष्णन ने सीनेट चुनावों के शेड्यूल को हरी झंडी दे दी। वीसी प्रोफेसर रेनू विग ने 9 नवंबर को भेजे प्रपोजल पर आज नोटिफिकेशन जारी हो गया है।

PU प्रशासन ने बताया कि सीनेट के 49 सीटों पर चुनाव सितंबर-अक्टूबर 2026 में विभिन्न चरणों में होंगे। पहला पोल नोटिफिकेशन जनवरी 2026 में आएगा। टेक्निकल और प्रोफेशनल कॉलेजों के प्रिंसिपल्स व स्टाफ का वोटिंग 7 सितंबर को होगी। रिजल्ट 9 सितंबर को आयेगा। प्रोफेसर्स का पोल 14 सितंबर को होगा और रिजल्ट 16 सितंबर को आयेगा।

केंद्र सरकार के 28 अक्टूबर 2025 के विवादास्पद नोटिफिकेशन को रद्द करने के बाद यह फैसला आया है। उसमें सीनेट को छोटा करने और कुछ कांस्टीट्यूएंसीज के चुनाव खत्म करने की कोशिश की गई थी। छात्रों ने इसे राज्य स्वायत्तता पर हमला बताया। 7 नवंबर को केंद्र ने नोटिफिकेशन वापस ले लिया। फिर भी छात्रों ने सीनेट चुनाव का शेड्यूल मांगा।

PU बचाओ मोर्चा ने इसे ऐतिहासिक जीत बताया। मोर्चा कोऑर्डिनेटर अवतार सिंह ने कहा कि कल सुबह फतेह मार्च निकालकर 27 दिनों का धरना खत्म करेंगे। वीसी ने बाकी जायज मांगों पर लिखित आश्वासन दिया है। लेकिन मोर्चा ने साफ कहा कि आपराधिक केस वापस लेने जैसी बाकी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

ये भी देखे: पंजाब यूनिवर्सिटी में तनाव चरम पर, 26 नवंबर के सभी पेपर स्थगित, नई डेटशीट जल्द

You may also like