एरिजोना, 31 अगस्त 2026: अमेरिका के एरिजोना स्थित ग्रैंड कैन्यन नेशनल पार्क में आए भीषण तूफान और बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। बाढ़ की चपेट में आने से कम से कम 20 लोग लापता बताए जा रहे हैं जबकि स्थानीय प्रशासन ने अब तक 62 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार ग्रैंड कैन्यन में आए तूफानों के बाद शनिवार को ब्राइट एंजेल कैन्यन और फैंटम रैंच क्षेत्र में अचानक बाढ़ आ गई। ग्रैंड कैन्यन और फैंटम रैंच क्षेत्र में पानी के तेज बहाव ने बुनियादी ढांचे को गंभीर नुकसान पहुंचाया है और कई पैदल पुलों को पूरी तरह नष्ट कर दिया है।
रविवार दोपहर तक किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं थी लेकिन राहत व बचाव का कार्य जारी है। वहीं मौसम विभाग ने आगे भी भारी बारिश, चट्टान खिसकने और भारी तूफान की आशंका जताई है।
पार्क रेंजरों ने चेतावनी दी है कि बारिश होने पर अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड), मलबा बहने और चट्टानें खिसकने की घटनाएं बढ़ सकती हैं जिससे रास्तों (पगडंडियों) और नदी का जलस्तर और भी बिगड़ सकता है।
अचानक आई बाढ़ से ब्राइट एंजेल क्रीक पर बने लगभग कई पैदल पुल टूट गए जिससे ट्रैकर्स और पैदल यात्रियों का आवागमन पूरी तरह ठप्प हो गया।
एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक पानी के तेज बहाव ने नाले के तल को चौड़ा कर दिया और वहां एक नए नाले में पानी का तेज बहाव देख ऐसा लग रहा है मानो कोई झरना बह रहा हो।
ये भी देखे: नेपाल बाढ़: मरने वालों की संख्या 600 से ज्यादा हुई, तिब्बत में झील का जलस्तर फिर चढ़ा