चक्रधरपुर, 14 जून 2025: चक्रधरपुर रेल मंडल में असामाजिक तत्वों द्वारा ट्रेनों पर पत्थरबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामले में 13 जून 2025 की सुबह करीब 2:20 बजे हावड़ा-कंटाबांजी इस्पात सुपरफास्ट एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22861) पर राउरकेला और राजगंगपुर स्टेशनों के बीच पत्थरों से हमला किया गया। इस हमले में ट्रेन के कोच C2 की खिड़की का शीशा टूट गया, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई।
सौभाग्य से, इस घटना में इस्पात एक्सप्रेस का कोई यात्री हताहत नहीं हुआ। टीटीई की सूचना पर अगले स्टेशन पर ट्रेन की सुरक्षा जांच की गई, और इसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। खास बात यह है कि यह इस्पात एक्सप्रेस पहले से ही 12 जून को हावड़ा से 8:30 घंटे की देरी से चली थी और राउरकेला स्टेशन पर लगभग 13 घंटे लेट पहुंची थी, जिसके कारण यात्री पहले से ही परेशान थे।
सीसीटीवी फुटेज की मदद से पत्थरबाजों की तलाश
रेलवे प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लिया है। ट्रेन में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पत्थरबाजों की पहचान की जा रही है, और रेलवे पुलिस बल (RPF) द्वारा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, चक्रधरपुर रेल मंडल के कार्मिक अधिकारी, स्थानीय प्रशासन, और डीसीए टीम घटनास्थल पर पहुंचकर स्थानीय लोगों को जागरूक करने का काम कर रही है ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
हाल के दिनों में चक्रधरपुर रेल मंडल में पत्थरबाजी की घटनाएं बढ़ी हैं, जैसे कि 12 जून को राउरकेला-पुरी वंदे भारत एक्सप्रेस पर हुआ हमला। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे ऐसी घटनाओं की तुरंत सूचना दें ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके।
ये भी देखे: Harpalpur station पर यात्रियों ने दरवाजे बंद पाकर महाकुंभ स्पेशल ट्रेन पर पथराव किया