चंडीगढ़, 22 अप्रैल 2025: हरियाणा सरकार पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत, जवाबदेह और पारदर्शी बनाने के लिए 24 अप्रैल को पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में एक राज्य स्तरीय समारोह आयोजित कर रही है। इस समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इस आयोजन का मकसद पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त करना और जनप्रतिनिधियों, खासकर महिला प्रतिनिधियों को उनके अधिकारों, जिम्मेदारियों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें और प्रभावी बनाना है।
समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार के मधुबनी से दिए जाने वाले संबोधन को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए दिखाया जाएगा, ताकि हरियाणा के जनप्रतिनिधि उनके मार्गदर्शन से प्रेरणा ले सकें।
प्रवक्ता ने बताया कि हरियाणा में वर्तमान में पंचायती राज संस्थाओं के करीब 80 हजार निर्वाचित प्रतिनिधि हैं, जिनमें लगभग आधी महिलाएं हैं। यह महिला सशक्तिकरण और लोकतंत्र में उनकी भागीदारी का प्रतीक है। सरकार विकास कार्यों को तेजी देने के साथ-साथ पारदर्शिता, सहभागिता और जवाबदेही को बढ़ावा देने के लिए भी कदम उठा रही है।
पंचकूला में हो रहे इस समारोह में पंचायतों के कामकाज, फंड के उपयोग और विकास कार्यों की रियल-टाइम जानकारी जनता तक पहुंचाने के लिए पारदर्शिता पर जोर दिया जाएगा। साथ ही, जनप्रतिनिधियों को सरकारी योजनाओं और नीतियों की जानकारी दी जाएगी, ताकि वे इन्हें जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू कर सकें। इसके अलावा, उनके सुझाव भी लिए जाएंगे।
सरकार का लक्ष्य है कि पंचायती राज व्यवस्था को और मजबूत, पारदर्शी और जवाबदेह बनाकर ग्रामीण विकास को गति दी जाए और जनप्रतिनिधियों की भूमिका को और प्रभावी बनाया जाए।
ये भी देखे: हरियाणा: नायब सैनी ने किए खिलाड़ियों के लिए कई बड़े ऐलान, देखे क्या कहा सीएम ने!