फाजिल्का में 1.5 किलो हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, पाकिस्तान से जुड़े तार

by Manu
फाजिल्का में 1.5 किलो हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार

फाजिल्का, 29 मार्च 2025: पंजाब में नशे की जड़ें उखाड़ने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में शुरू हुई मुहिम “युद्ध नशियां विरुद्ध” अपने 28वें दिन भी जोरों पर है। शुक्रवार को पंजाब पुलिस ने फाजिल्का जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.5 किलोग्राम हेरोइन के साथ एक नशा तस्कर को धर दबोचा। यह ऑपरेशन फाजिल्का पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया, जिसकी कमान एसएसपी वरिंदर सिंह बराड़ ने संभाली।

पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई गुरुवार देर रात को हुई। सदर थाना फाजिल्का की टीम रात के वक्त गश्त पर थी। सेमनाला लाधूका के पास एक युवक संदिग्ध हालत में दिखा। पुलिस को देखते ही वह भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने उसे तुरंत घेर लिया और पकड़ लिया। उसकी तलाशी लेने पर बैग से 1.5 किलो हेरोइन बरामद हुई। पकड़े गए तस्कर की पहचान अंग्रेज सिंह पुत्र टेक सिंह के रूप में हुई, जो फिरोजपुर जिले के अलीके गाँव का रहने वाला है।

पुलिस को शक है कि यह हेरोइन पाकिस्तान से तस्करी के जरिए लाई गई थी। बीएसएफ के साथ मिलकर की गई इस कार्रवाई से साफ है कि सीमा पार से नशे की खेप को रोकने के लिए पंजाब पुलिस पूरी तरह सतर्क है। आरोपी के खिलाफ सदर थाना फाजिल्का में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उससे पूछताछ जारी है, ताकि इस तस्करी के नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

ये भी देखे: पंजाब में 1 अप्रैल से स्कूलों का नया समय, सरकार ने जारी किया आदेश

You may also like