नई दिल्ली, 03 फ़रवरी 2026: संसद की कार्यवाही के दौरान मंगलवार को लोकसभा में भारी हंगामा हुआ। कुछ सांसदों ने स्पीकर की कुर्सी की ओर कागज फेंककर सदन की मर्यादा तोड़ी। इस पर कार्रवाई करते हुए लोकसभा ने 8 सांसदों को पूरे सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया।
दोपहर तीन बजे जब चौथी बार सदन की कार्यवाही शुरू हुई तो पीठासीन अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि स्पीकर की ओर कागज फेंकने वाले सदस्यों के नाम दर्ज किए जाएंगे। इसके तुरंत बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने ऐसे सांसदों को निलंबित करने का प्रस्ताव सदन में रखा। सदन ने ध्वनिमत से इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।
निलंबन के फैसले के बावजूद हंगामा थमता नहीं दिखा। भारी शोर-शराबे और नारेबाजी के कारण सदन की कार्यवाही कई बार रोकनी पड़ी। आखिरकार लोकसभा की कार्यवाही बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।
ये भी देखे: राहुल गांधी के चीन घुसपैठ वाले बयान पर लोकसभा में हंगामा, राजनाथ सिंह ने जताई आपत्ति