नई दिल्ली: बॉलीवुड की प्रसिद्ध प्ले बैक सिंगर, श्रेया घोषाल, ने हाल ही में अपने फॉलोअर्स को एक बड़ी खबर दी है। सिंगर का एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट हैक हो गया है। श्रेया ने इस घटना के बारे में इंस्टाग्राम पर जानकारी देते हुए लिखा कि उनका अकाउंट 13 फरवरी से हैक किया गया है, और उन्होंने इस मामले में एक्स टीम से संपर्क किया है, लेकिन अब तक उन्हें कोई ठोस प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
श्रेया घोषाल एक्स अकाउंट हैक: फैंस से की अपील
श्रेया ने इंस्टाग्राम पोस्ट में कहा, “हैलो फैंस और दोस्तों, मेरा ट्विटर/एक्स अकाउंट 13 फरवरी से हैक हो गया है। मैंने एक्स टीम से संपर्क करने की पूरी कोशिश की है, लेकिन कुछ ऑटो जनरेटेड रिस्पॉन्स के अलावा कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है। मैं अब अकाउंट में लॉग इन नहीं कर पा रही हूं, और इसे डिलीट भी नहीं कर सकती। कृपया किसी भी लिंक पर क्लिक न करें और न ही उस अकाउंट से भेजे गए मैसेज पर विश्वास करें। ये सभी स्पैम और फिशिंग लिंक हैं। अगर अकाउंट रिकवर हो गया और सेफ है तो मैं एक वीडियो के माध्यम से पर्सनली आपको अपडेट करूंगी।”
प्रधानमंत्री मोदी के एंटी-ओबेसिटी अभियान में शामिल श्रेया घोषाल
इसके अलावा, श्रेया घोषाल को हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एंटी-ओबेसिटी अभियान में शामिल होने का मौका मिला। इस अभियान के तहत, उन्होंने एक वीडियो संदेश साझा किया, जिसमें उन्होंने मोटापे के खिलाफ और हेल्दी लाइफस्टाइल को बढ़ावा देने के लिए लोगों से अपील की। उन्होंने कहा, “हमारे माननीय प्रधानमंत्री ने मोटापा विरोधी नामक एक शानदार अभियान शुरू किया है, जो समय की आवश्यकता है। यह हमारे देश की तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था के साथ-साथ हमारी सेहत की चिंता को भी दर्शाता है।”
श्रेया ने आगे कहा, “हमें सही आहार, कम तेल और चीनी का सेवन, पौष्टिक भोजन और मौसमी आहार को अपनी जीवनशैली में शामिल करने की जरूरत है। यह हमारे जीवन का सबसे बड़ा धन है, और छोटे-छोटे बदलाव करके हम अपने देश में एक बड़ा प्रभाव डाल सकते हैं।”
ये भी देखे: आईआईटी बाबा अभय सिंह पर हमला, नोएडा में चैनल स्टूडियो में हुआ विवाद