फर्रुखाबाद, 08 सितंबर 2025: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहानगंज थाना क्षेत्र में एक 26 वर्षीय युवती निशा सिंह को कुछ दबंगों ने पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया।
जानकारी के मुताबिक, निशा सिंह फतेहगढ़ के नेकपुर में रहने वाले शिक्षामित्र बलराम सिंह चौहान की बेटी थीं। शनिवार को वह दवा लेने के लिए दरियावगंज गई थीं। लौटते वक्त कुंदन गनेशपुर गांव के पास कुछ दबंग युवकों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद, उन्होंने निशा को बाग के किनारे ले जाकर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरी निशा बुरी तरह झुलस गईं। आसपास के लोगों ने शोर सुनकर उन्हें बचाने की कोशिश की और तुरंत लोहिया अस्पताल पहुंचाया।
इलाज के दौरान हुई मौत
लोहिया अस्पताल में निशा की हालत बेहद नाजुक थी। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सैफई आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय रेफर कर दिया। लेकिन, इलाज के दौरान रविवार देर शाम निशा ने दम तोड़ दिया। बताया जाता है कि निशा शादीशुदा थीं और उनके पति दिल्ली में नौकरी करते हैं। उनके दो छोटे बच्चे भी हैं। इसके बावजूद निशा अक्सर अपने मायके में ही रहती थीं।
निशा के पिता बलराम सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी बेटी को नगला जैतपुर निवासी दीपक और उसके पांच साथियों ने जला दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि दीपक लंबे समय से निशा को परेशान कर रहा था और उस पर बातचीत करने का दबाव डालता था। पुलिस ने बलराम की शिकायत पर दीपक सहित पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
ये भी देखे: कानपुर में बेटे ने मां को ईंट से कुचलकर मार डाला, ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा