शेखपुरा, 30 मई 2025: शेखपुरा की स्थानीय अदालत ने भागलपुर के कहलगांव में तैनात अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) कल्याण आनंद के खिलाफ एक हत्या के मामले में गवाही न देने के कारण गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। अदालत ने 7 जून 2025 को डीएसपी को शेखपुरा कोर्ट में पेश करने का निर्देश दिया है।
लोक अभियोजक उदय नारायण सिंहा ने बताया कि यह मामला 2020 का है, जब कल्याण आनंद शेखपुरा जिले के शेखोपुरसराय थाने में प्रशिक्षु डीएसपी और थाना प्रभारी (SHO) थे। 2 दिसंबर 2020 को शेखोपुरसराय के कबीरपुर गांव में हेमंत कुमार नामक युवक की हत्या हुई थी, जिसके जांच अधिकारी कल्याण आनंद थे।
वर्तमान में कहलगांव में डीएसपी के पद पर तैनात आनंद इस हत्या मामले में गवाही के लिए कई बार समन जारी होने के बावजूद कोर्ट में उपस्थित नहीं हुए। इस कारण गुरुवार, 29 मई 2025 को शेखपुरा के प्रधान जिला न्यायाधीश की अदालत ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया। पुलिस अब इस आदेश का पालन करने और डीएसपी को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया में जुटी है।
ये भी देखे: बिहार पुलिस: मशरक निरीक्षक अशोक कुमार सिंह निलंबित, जाने क्या है वजह