वाराणसी, 19 फरवरी 2026: प्रयागराज के माघ मेले से शुरू हुए शंकराचार्य विवाद ने अब नया मोड़ ले लिया है। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने गुरुवार को वाराणसी में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर सीधा हमला बोला। उन्होंने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव मौर्य पर भी निशाना साधा।
अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा- “दोनों डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव मौर्य भाजपा को हो रही क्षति को बचाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन ये मठाधीश महाराज हठ पर उतारू हैं।”
उन्होंने सबसे बड़ा सवाल उठाया- “कालनेमि कौन है? इसका स्पष्टीकरण नहीं दिया गया। ये असली हिंदू हैं या फिर छल, वेशधारी और ढोंगी आचरण के हैं?”
शंकराचार्य ने संत समाज को 10 दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा- “10 दिन में बताएं कि आप किसके साथ हैं। जो मेरे पक्ष में होगा, उसके साथ भी सीएम जैसा व्यवहार किया जाएगा।”
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक द्वारा 101 बटुकों की पूजा करने पर उन्होंने तंज कसा- “उन्होंने ऐसा कर अपनी भावना दिखाई है। मेरे मुख्यमंत्री, आपने जो किया वह पाप था, जिसे मैं धोने-पोंछने का प्रयास कर रहा हूं। अगर यह सब राजनीति के तहत नहीं होता, तो जिस बटुक की चोटी खींची गई थी, उसे बुलाकर पूजन करते?”
पाठक के बयान (बटुकों को पीटने पर महापाप लगेगा) पर उन्होंने कहा- “इससे पता चलता है कि वे कार्रवाई करने में समर्थ नहीं हैं। उनके पास पावर ही नहीं है।”
ये भी देखे: शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने दुखी मन से माघ मेला से विदाई का किया ऐलान