IIT Roorkee Student Sexual Harassment Case: IIT Roorkee ने यौन उत्पीड़न के एक मामले में अपने एक वरिष्ठ प्रोफेसर को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। यह कार्रवाई जनवरी 2025 में एक पीएचडी छात्रा द्वारा प्रोफेसर पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने के बाद शुरू हुई आंतरिक जांच के आधार पर की गई। आईआईटी रुड़की (IIT Roorkee) के इतिहास में यह पहला मौका है, जब यौन उत्पीड़न के मामले में किसी संकाय सदस्य को बर्खास्त किया गया है।
छात्रा ने जनवरी में संस्थान के अधिकारियों से शिकायत की थी, जिसके बाद मामले की जांच के लिए आंतरिक समिति गठित की गई। जांच के बाद, 15 अप्रैल 2025 को संस्थान के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स (बीओजी) ने प्रोफेसर की बर्खास्तगी को मंजूरी दी। प्रोफेसर को अपना पक्ष रखने के लिए दो बार मौका दिया गया था, लेकिन उनकी सफाई को स्वीकार नहीं किया गया। बर्खास्तगी के समय प्रोफेसर के मार्गदर्शन में 15 शोधार्थी काम कर रहे थे।
संस्थान (IIT Roorkee) के मीडिया सेल ने पुष्टि की कि अनुशासनात्मक प्रक्रिया पूरी होने के बाद सोमवार को प्रोफेसर को बर्खास्तगी का पत्र सौंप दिया गया। आईआईटी रुड़की ने इस कार्रवाई को यौन उत्पीड़न के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस नीति का हिस्सा बताया है।
ये भी देखे: Chennai Sexual Assault: चेन्नई में चलती ऑटो में 18 वर्षीय युवती से यौन उत्पीड़न