शाहजहांपुर, 12 अगस्त 2025: शाहजहांपुर के पचदेवरा क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब दक्ष इंटरनेशनल स्कूल की तेज रफ्तार वैन गंगा एक्सप्रेस-वे के अंडरपास के नीचे अनियंत्रित होकर पलट गई। स्कूल प्रबंधन की लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण वैन में सवार 22 बच्चों की जान जोखिम में पड़ गई।
हादसा उस समय हुआ जब अल्हागंज कस्बे के दक्ष इंटरनेशनल स्कूल की वैन गिरधरपुर, सेढ़ामऊ और आसपास के गांवों से बच्चों को स्कूल ले जा रही थी। सेढ़ामऊ के पास गंगा एक्सप्रेस-वे के अंडरपास पर वैन की सामने से आ रही एक बाइक से टक्कर हो गई, जिससे वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 18 बच्चे मामूली रूप से घायल हुए, जबकि गिरधरपुर के शिवांश, यश प्रताप सिंह और केशव को गंभीर चोटें आईं। बाइक चालक फरमान भी घायल हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही स्वजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल तीनों बच्चों को बेहतर इलाज के लिए फर्रुखाबाद ले गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा स्कूली वाहनों के संचालन में नियमों की अनदेखी और लापरवाही का गंभीर उदाहरण है, जो बच्चों की सुरक्षा के लिए खतरा बन रहा है।
ये भी देखे: राजस्थान के राजसमंद में भयानक हादसा, बाढ़ में फंसी स्कूली वैन, रेस्क्यू जारी