फरीदाबाद, 18 फ़रवरी 2026: एक दिन पहले आईजी कार्यालय के नजदीक अंकित उर्फ बाबा गैंग के सदस्य दिनेश उर्फ गोगा की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वांछित रिटौली निवासी साहिल (25) को मंगलवार रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। जवाबी फायरिंग में आरोपी साहिल को दाएं पैर में गोली लगी है। उसे तुरंत पीजीआई में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक गोगा हत्याकांड की जांच में सीसीटीवी फुटेज से रिटौली गांव निवासी साहिल की भूमिका सामने आई। जांच में पता चला कि साहिल हत्या करने वाले बाइक सवार तीन शूटरों के साथ मौके पर पहुंचा था। उसने ही शूटरों को गोगा की पहचान बताई और हमले में अहम भूमिका निभाई। अपराध जांच शाखा प्रथम (सीआईए-1) तभी से साहिल की तलाश में जुटी थी।
मंगलवार रात इंस्पेक्टर कुलदीप कादियान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साहिल को घेर लिया। आरोपी ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में साहिल के दाएं पैर में गोली लगी। वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे काबू में लेकर गिरफ्तार कर लिया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने मौके से हथियार बरामद किया है। आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है।
ये भी देखे: हरियाणा STF को मिली बड़ी कामयाबी, लॉरेंस गैंग के चार शूटर गिरफ्तार